देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत प्रदेश की सभी 23 कृषि उत्पादन मंडी समितियां एक-एक गांव को गोद लेकर उन्हें मॉडल कृषि विपणन ग्राम के रूप में विकसित करेंगी। ‘एक मंडी-एक गांव’ योजना के तहत चयनित गांवों में किसानों को उपज के विपणन, भंडारण, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्द्धन की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। राज्य में कृषि उत्पादन की पर्याप्त संभावनाओं के बावजूद किसानों को बाजार की दूरी, सीमित भंडारण और प्रसंस्करण सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में कई बार किसानों को अपनी उपज स्थानीय बाजार में ही कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इसी को देखते हुए उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के माध्यम से जून में ‘एक मंडी-एक गांव मॉडल ग्राम गोद योजना’ शुरू करने का निर्णय लिया गया। योजना के तहत मॉडल कृषि विपणन ग्राम विकसित होने से किसानों को गांव के आसपास ही अपनी उपज के विपणन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। गांवों के चयन में कृषि प्रधान गांवों के साथ बेहतर फल-सब्जी उत्पादन और जैविक क्षेत्र वाले गांवों, एफओपी, एसएचजी एवं सहकारी समितियों से सक्रिय रूप से जुड़े गांवों तथा दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों के गांवों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक मंडी समिति तीन वर्ष के लिए एक गांव का चयन कर उसे गोद लेगी और वहां स्थानीय उत्पादों के विपणन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। चयनित गांव को एक वर्ष के लिए विशेष विकास पैकेज भी उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत चयनित गांवों में मिनी कलेक्शन सेंटर, ग्रामीण हाट-मिनी मंडी, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग यूनिट, कोल्ड स्टोरेज-कोल्ड रूम, गोदाम और परिवहन सहायता जैसी सुविधाएं विकसित करने के साथ उन्नत बीज वितरण, सब्सिडी आधारित पॉलीहाउस, जैविक खाद इकाई, मिलेट एवं मसाला प्रसंस्करण यूनिट, फल प्रसंस्करण, शहद एवं औषधीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग, डिजिटल मार्केट लिंकेज और किसानों के क्षमता निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। योजना के तहत अभी तक रुद्रपुर, ऋषिकेश, मंगलौर, हरिद्वार, टनकपुर, हल्द्वानी, रामनगर, देहरादून, लक्सर, काशीपुर और रुड़की की मंडी समितियां एक-एक गांव का चयन कर चुकी हैं, जबकि शेष मंडी समितियां भी गांवों के चयन की प्रक्रिया में जुटी हुई हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
