उत्तराखंड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थारू समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए थारू संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण के साथ समाज के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। कार्यक्रम में थारू समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और समाज के प्रति सरकार के सहयोग तथा थारू संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और थारू समाज के बीच संवाद विश्वास और विकास की साझेदारी को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से उनके सुझाव और अपेक्षाएं भी सुनीं तथा योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार का प्रयास है कि थारू समुदाय के प्रत्येक परिवार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का जनजातीय समाज से होना भी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि थारू समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, प्रत्येक युवा आत्मनिर्भर बने और प्रत्येक बेटी शिक्षित एवं सशक्त हो, यही सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सरकार प्राथमिकता के साथ देख रही है और थारू समाज के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, थारू राणा परिषद अध्यक्ष दान सिंह राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, वरिष्ठ समाजसेवी रमेश राणा, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष मंजीत सिंह राणा, सभासद दौलत राणा, ग्राम प्रधान शोभा देवी, जिला पंचायत सदस्य मनोज राणा समेत थारू समाज के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी और एडीएम कौस्तुभ मिश्र समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
