2027 चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, लोकसभा स्तर पर बैठकों का दौर शुरू

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन की ओर से अब प्रदेश के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर चुनावी रणनीति को धार देने का काम शुरू कर दिया गया है। इससे पहले भाजपा की ओर से कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में मंडल अध्यक्षों एवं जिला अध्यक्षों के साथ बैठकें आयोजित की गई थीं, जिसके बाद अब विधायकों और सांसदों के साथ लोकसभा स्तर पर बैठकों का दौर शुरू किया गया है। वर्ष 2027 की शुरुआत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में भाजपा का पूरा फोकस संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करने और सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने पर है। पार्टी की ओर से संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के साथ ही बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 18 अगस्त को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटों टिहरी, गढ़वाल और हरिद्वार को लेकर अलग-अलग चरणों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से संबंधित लोकसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, जनप्रतिनिधियों की भूमिका और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति पर चर्चा की जा रही है। पार्टी का प्रयास है कि चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत किया जाए तथा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जाए।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment