काशीपुर। मुस्लिम समाज के लोगों ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की कथित कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि वार्ड संख्या 32 के क्रम संख्या 42 से 46 तक एसआईआर प्रक्रिया के दौरान अधिकांश मतदाता मुस्लिम समाज से संबंधित हैं। आरोप लगाया गया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा निराधार एवं कूटरचित शिकायत के आधार पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में इस कार्रवाई को अविवेकपूर्ण, अन्यायपूर्ण और न्यायसंगत नहीं बताया गया। ज्ञापन सौंपने वालों ने निर्वाचन अधिकारी से शिकायतकर्ता व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच कराने और यदि शिकायत फर्जी या निराधार पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी दंडनीय कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही फर्जी शिकायत के आधार पर वार्ड 32 के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाने तथा उनके संवैधानिक मतदान अधिकार की रक्षा करने का आग्रह किया। ज्ञापन में कहा गया कि मतदाता सूची से नाम हटाने की किसी भी कार्रवाई से पहले नियमानुसार निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। ज्ञापन के साथ वार्ड 32 के कथित शिकायतकर्ताओं के नामों की सूची तथा शिकायत के आधार पर मतदान प्रक्रिया से वंचित किए जाने का प्रयास किए गए मतदाताओं के नामों की सूची भी संलग्न की गई। ज्ञापन देने वालों में ऑल इंडिया मुस्लिम फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता अल्पसंख्यक कांग्रेस अब्दुल अजीज कुरैशी, अब्दुल अलीम, पार्षद पति खालिद हुसैन, मुहम्मद मुबीन, तनवीर आलम, डा- जाहिद हुसैन, शाहबाज आलम, नईम आदि दर्जनों लोग शामिल रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
