काशीपुर। मौ- हनीफ सिद्दीकी मुस्लिम पूर्व माध्यमिक विद्यालय को प्रशासन द्वारा सील किए जाने के विरोध में स्थानीय अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र सौंपकर विद्यालय तत्काल खुलवाने की मांग की है।अभिभावकों ने बताया कि प्रशासन ने बीती 9 सितंबर को विद्यालय को सील कर दिया था। इससे स्कूल में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है। उनका कहना है कि विद्यालय वर्ष 2010 से संचालित है और यहां सभी वर्गों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है। विद्यालय पूर्व में शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त था तथा आगे की मान्यता के लिए आवेदन प्रक्रिया में है। अभिभावकों के अनुसार विद्यालय में शिक्षा विभाग के मानकों के अनुरूप पठन-पाठन कराया जा रहा था। क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर के दायरे में कोई सरकारी विद्यालय भी नहीं है। बस्ती में रहने वाले अधिकांश परिवार अति पिछड़े और निर्धन वर्ग से हैं। ऐसे में वे निजी स्कूलों की फीस और महंगी किताबों का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं। अभिभावकों ने एसडीएम से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए विद्यालय को जल्द खुलवाने की मांग की है, ताकि निर्धन परिवारों के बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
