2.67 लाख विद्यार्थियों के सुझावों में से चुने गए 140 युवा, सीएम धामी आज करेंगे सीधा संवाद; चयनित छात्रों को मिलेगी 2 लाख तक की स्कॉलरशिप

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं की सोच और प्रदेश के भविष्य को लेकर उनके विजन को नीति-निर्माण से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल के तहत ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान का महत्वपूर्ण चरण आज आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर प्रदेशभर से प्राप्त सुझावों में चयनित 140 छात्र-छात्राओं के साथ सीधे संवाद करेंगे। अभियान में कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों को जोड़ा गया था, जिनमें से 2,67,744 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने विचार और सुझाव साझा किए। विशेषज्ञ टीम द्वारा इन सुझावों में से 140 श्रेष्ठ एवं सार्थक विचारों वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित इस संवाद में शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी विद्यार्थियों के साथ वैचारिक मंथन करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, पर्यटन, आईटी और महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अधिकारी विद्यार्थियों के विजन और सुझावों को समझेंगे। इन सुझावों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के साथ ही उपयोगी विचारों को प्रदेश की विकास योजनाओं और नीतियों में शामिल करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि युवा केवल प्रदेश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में नीति-निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी भी हैं। ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को की गई थी। इसके तहत विद्यार्थियों से उत्तराखंड के विकास को लेकर रचनात्मक विचार और सुझाव मांगे गए थे। अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी सामने आई और 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध एवं विचार ऑनलाइन माध्यम से साझा किए। इन विचारों में युवाओं ने रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पर्यावरण और अन्य विकास से जुड़े विषयों पर अपनी अपेक्षाएं और सुझाव रखे। चयनित विद्यार्थियों को 2 लाख तक की स्कॉलरशिपअभियान के तहत चयनित 140 विद्यार्थियों के लिए सरकार ने करियर तैयारी और कोचिंग को लेकर भी सहायता का प्रावधान किया है। चयनित विद्यार्थियों को 12वीं के बाद करियर तैयारी और कोचिंग के लिए दो लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा से जुड़ी तैयारी में आर्थिक सहायता मिलने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। सरकार की ओर से इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के विचारों को केवल सुझाव तक सीमित न रखते हुए उन्हें विकास की दिशा और नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। वहीं मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड के युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment