काशीपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘जन-जन की सरकार, जनता के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऊधम सिंह नगर जनपद में विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊधम सिंह नगर डॉ. एसके गोस्वामी के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। जनपद के तीन स्थानों पर आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में कुल 1263 मरीजों को ओपीडी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महुआखेड़ागंज, काशीपुर, उपकेंद्र मसीत तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शक्तिफार्म में शिविर लगाए गए। शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं की जांच, मातृ स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं तथा टीबी की स्क्रीनिंग की गई। विभाग की ओर से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन शिविरों का आयोजन किया गया।आंकड़ों के अनुसार शिविरों में ओपीडी सेवाओं का लाभ लेने वाले 1263 मरीजों में 574 पुरुष और 689 महिलाएं शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त 76 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (गर्भावस्था पूर्व जांच) की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 9 एमसीपी कार्ड भी वितरित किए गए। वहीं टीबी की पहचान एवं रोकथाम के उद्देश्य से कुल 307 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 142 पुरुष और 165 महिलाएं शामिल थीं।स्थानवार आंकड़ों की बात करें तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महुआखेड़ागंज में कुल 225 लोगों को ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं। यहां 50 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा 100 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग हुई। वहीं उपकेंद्र मसीत में 362 मरीजों ने ओपीडी सेवाओं का लाभ लिया। यहां 14 गर्भवती महिलाओं की जांच के साथ 41 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई।इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शक्तिफार्म में सबसे अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। यहां कुल 676 मरीजों को ओपीडी सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में 12 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, जबकि 166 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इस प्रकार शक्तिफार्म शिविर में ओपीडी और टीबी स्क्रीनिंग दोनों में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक व्यक्ति तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। विशेष रूप से मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा टीबी की पहचान और रोकथाम के लिए ऐसे स्वास्थ्य शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।स्वास्थ्य विभाग की इस पहल के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इन शिविरों ने स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और ‘जनता के द्वार’ तक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
