उत्तराखंड भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने सीएम धामी से की मुलाकात, विकास कार्यों और स्वच्छ पर्यावरण की सराहना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने भेंट की। इस दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ अपने भ्रमण के अनुभव साझा किए और राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। हरियाणा के युवाओं ने कहा कि तीन दिनों के भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से जानने और राज्य सरकार की योजनाओं के स्थानीय स्तर पर पड़ रहे प्रभाव को समझने का अवसर मिला। उन्होंने राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। युवाओं ने कहा कि अधिकांश भू-भाग पर्वतीय होने के बावजूद उत्तराखंड में सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने रेलवे नेटवर्क के विस्तार के लिए भी तेजी से किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियां और स्वच्छ वातावरण उन्हें काफी प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होम-स्टे को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों और सरकार की ओर से दी जा रही सहायता से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। भ्रमण के दौरान युवाओं को यह जानने का अवसर भी मिला कि पर्यटन और अन्य विकास योजनाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर किस प्रकार बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से उनके अनुभवों की जानकारी ली और उत्तराखंड की विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment