काशीपुर। कोतवाली आईटीआई परिसर में पत्नी के साथ विवाद कर मारपीट पर उतारू होने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक, नीलम पत्नी विक्की यादव ने महिला हेल्प डेस्क पर अपने पति के खिलाफ घरेलू विवाद, दहेज उत्पीड़न और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच और दोनों पक्षों की काउंसलिंग के लिए पुलिस ने विक्की यादव को कोतवाली बुलाया था। आरोप है कि थाने पहुंचते ही वह अपनी पत्नी से झगड़ा करने लगा और मारपीट पर उतारू हो गया। इस दौरान वह जोर-जोर से चिल्लाते हुए जान से मारने और खुदकुशी करने की धमकी भी देने लगा।पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और लगातार हंगामा करता रहा। स्थिति बिगड़ने तथा शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर एसडीएम न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
