आईटीआई छात्रों के लिए खुशखबरी, अग्निवीर भर्ती में मिलेगा लाभ; 235 संस्थानों में शुरू हुए दाखिले

देहरादून। उत्तराखंड के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती में विशेष लाभ मिलेगा। इसी बीच राज्य के 153 राजकीय और 82 निजी आईटीआई में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अनुसार आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 8 जून से प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष छात्रों को अपनी पसंद के अधिकतम 10 संस्थान और ट्रेड चुनने का विकल्प दिया गया है।

प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। प्रथम चरण में अभ्यर्थियों को अपना व्यक्तिगत विवरण, शैक्षिक योग्यता संबंधी जानकारी भरनी होगी तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके आधार पर राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी की जाएगी।

द्वितीय चरण में केंद्र सरकार की ओर से सीट मैट्रिक्स जारी होने के बाद पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। इसके बाद छात्र अपनी मेरिट और रैंक के अनुसार न्यूनतम एक तथा अधिकतम 10 संस्थानों और ट्रेडों का चयन कर वरीयता क्रम में लॉक कर सकेंगे।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसरों के साथ-साथ अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में भी लाभ मिल सकेगा। इससे तकनीकी शिक्षा के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ने की उम्मीद है।

आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी विभाग की हेल्पलाइन संख्या 7302663922 पर संपर्क कर सकते हैं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment