देहरादून। उत्तराखंड के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। देहरादून के नागनाथ क्षेत्र निवासी भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 5/3 गोरखा राइफल्स के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा लेह में देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए। उन्होंने 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:15 बजे ड्यूटी के दौरान अंतिम सांस ली। उनके शहीद होने की खबर से सैन्य परिवारों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा का जन्म वर्ष 1984 में हुआ था और उन्हें बचपन से ही देश सेवा की प्रेरणा अपने परिवार से मिली थी। उनके पिता निर्मल थापा भारतीय सेना में हवलदार के पद पर सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। पिता के सैन्य जीवन और देश के प्रति समर्पण से प्रेरित होकर प्रभाकर थापा ने भी भारतीय सेना में अधिकारी बनकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देहरादून के प्रतिष्ठित कैम्ब्रियन हॉल स्कूल से प्राप्त की और वर्ष 2002 बैच के छात्र रहे। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने स्नातक की पढ़ाई की और संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा उत्तीर्ण कर सेना में अधिकारी बनने का अपना सपना साकार किया। दिसंबर 2006 में उन्हें भारतीय सेना की तीसरी गोरखा राइफल्स में कमीशन प्राप्त हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने सैन्य जीवन की शुरुआत करते हुए विभिन्न सैन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। लगभग दो दशक के सैन्य करियर में लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा ने देश के कई दुर्गम, चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहकर अपनी सेवाएं दीं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बीच भी उन्होंने सैन्य दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन किया। लेह जैसे सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान उनका निधन देश की सेवा में उनके समर्पण को दर्शाता है। उनके बलिदान की सूचना मिलने के बाद देहरादून स्थित उनके गृह क्षेत्र और सैन्य समुदाय में शोक का माहौल है। सैन्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले प्रभाकर थापा ने अपने पिता की तरह भारतीय सेना में सेवाएं देकर परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाया। उनके निधन से परिवार ने अपना प्रिय सदस्य खो दिया, वहीं देश ने एक समर्पित सैन्य अधिकारी को खोया है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
