ऋषिकेश में 250 करोड़ से बनेगा आधुनिक आईएसबीटी, चारधाम यात्रियों को मिलेंगी एक ही परिसर में सभी सुविधाएं

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा और बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए ऋषिकेश में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) और केंद्रीकृत चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। यह परियोजना बाईपास मार्ग पर खंडगांव के पास प्रस्तावित है। उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) ने इस संबंध में योजना तैयार की है। प्रस्तावित परियोजना का उद्देश्य ऋषिकेश में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर परिवहन, पंजीकरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस संबंध में 19 नवंबर को यूआईआईडीबी के अधिकारियों ने विभिन्न विभागों और संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर परियोजना के प्रस्तावित स्वरूप पर चर्चा की थी। नए आईएसबीटी परिसर में उत्तराखंड रोडवेज और निजी बसों के लिए अलग-अलग स्टेशन, टैक्सी स्टैंड तथा यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही परिसर में चारधाम विकास परिषद का मुख्य कार्यालय भी स्थापित किया जाएगा। चारधाम यात्रा के दौरान यहां श्रद्धालुओं के लिए ऑफलाइन पंजीकरण, यात्रा संबंधी जानकारी, आवास सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन सहायता और अन्य जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। प्रस्तावित आईएसबीटी का स्थान योगनगरी रेलवे स्टेशन के नजदीक रखा गया है, जिससे रेल और सड़क परिवहन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा। इससे ट्रेन के माध्यम से ऋषिकेश पहुंचने वाले यात्रियों को सीधे बस और टैक्सी सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के विशेष कार्याधिकारी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि 19 नवंबर को आयोजित बैठक में इस योजना के संबंध में जानकारी ली गई थी। प्रस्तावित आईएसबीटी जोन में 176 बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रखी गई है। इसके अलावा 134 कारों और टैक्सियों के लिए पार्किंग स्थल तथा 81 वाहनों के लिए स्टैंड प्रस्तावित हैं। बसों के रखरखाव और मरम्मत के लिए कार्यशाला भी विकसित की जाएगी, जिसमें एक साथ 100 बसों की मरम्मत की सुविधा प्रस्तावित है। टर्मिनल भवन में खुदरा दुकानें, कार्यालय, यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भवन की ऊपरी मंजिलों पर कमरों के निर्माण का भी प्रस्ताव है। वहीं, चारधाम यात्रियों के पंजीकरण के लिए अलग केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें ऑफलाइन पंजीकरण क्षेत्र, प्रतीक्षा कक्ष और सहायता केंद्र की व्यवस्था होगी। इस केंद्र में यात्रा के संचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए 43 ट्रांजिट बसों तथा 43 कारों के लिए पार्किंग सुविधा भी प्रस्तावित की गई है। परियोजना के धरातल पर उतरने से ऋषिकेश में बसों और टैक्सियों के संचालन को व्यवस्थित करने, चारधाम यात्रा के दौरान यातायात दबाव कम करने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन और पंजीकरण सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment