केंद्रीय बजट से उत्तराखंड में 40 हजार करोड़ के कार्य होंगे शुरू: सीएम धामी

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से उत्तराखंड में करीब 40 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है, इसी कारण केंद्रीय बजट में राज्य के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बजट को उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए संतुलित, दूरदर्शी और क्षेत्रीय विकास की बड़ी संभावनाओं वाला बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व को साकार करने वाला है। उन्होंने जानकारी दी कि 16वें वित्त आयोग से राज्य को लगभग 1800 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलने की उम्मीद है, जिससे विकास योजनाओं को और गति मिलेगी।सीएम धामी ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और गाइड्स का कौशल विकास किया जाएगा। इसके साथ ही बादाम और अखरोट जैसी नकदी फसलों को प्रोत्साहन दिया जाएगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों के पुनर्जीवन से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बजट को भारत के भविष्य की अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया गया दस्तावेज बताया।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की ओर से आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से निवेदन किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment