उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग के पेंशनर्स को “वन क्लिक” के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। इस दौरान शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 लाभार्थियों को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई, जिसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन जैसी योजनाएं शामिल हैं।सचिवालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी इन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे भी बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाए, ताकि पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर आवश्यक औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिलना शुरू हो जाए।इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए वार्षिक आय की सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए और पेंशन सहित विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे आम जनता को सुविधा मिल सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
