रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा निर्मित 50 बेड के आधुनिक अस्पताल का लोकार्पण किया। “देवभूमि के शिखर पर स्वास्थ्य का नया अध्याय” की भावना के साथ शुरू किए गए इस अस्पताल का संचालन ‘स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी’ द्वारा किया जाएगा। समुद्र तल से लगभग 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थापित यह अस्पताल चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।अस्पताल के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती होती है, लेकिन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस अस्पताल के शुरू होने से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को नई मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा मार्ग में किसी भी आपात स्थिति के दौरान यह अस्पताल श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए जीवन रक्षक साबित होगा।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखंड-समृद्ध उत्तराखंड” के विजन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में अब तक लगभग 61 लाख कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों का मुफ्त उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसी भावना के साथ देवभूमि में स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है।कार्यक्रम में मौजूद केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने अस्पताल को जनसेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि भविष्य में यह अस्पताल लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में इस प्रकार की आधुनिक चिकित्सा सुविधा शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
