काशीपुर में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की धीमी रफ्तार, 500 डोज उपलब्ध होने के बावजूद सिर्फ 92 किशोरियों को लगा टीका

काशीपुर। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए चलाया जा रहा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीनेशन अभियान काशीपुर क्षेत्र में अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाने और पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध होने के बावजूद अब तक बेहद कम किशोरियों का टीकाकरण हो सका है। स्थिति यह है कि अस्पताल को 500 डोज उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन अब तक केवल 92 किशोरियों को ही वैक्सीन लगाई जा सकी है। अभियान की धीमी प्रगति को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित नजर आ रहा है।जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में जिले में 28 फरवरी से नौ से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में नौ मार्च से नियमित रूप से सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को वैक्सीन लगाई जा रही है। बावजूद इसके, जागरूकता की कमी और अभिभावकों की हिचकिचाहट अभियान की सबसे बड़ी बाधा बनकर सामने आ रही है।एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय की टीकाकरण प्रभारी मीना भट्ट ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि विभागीय टीम ने रामनगर रोड स्थित एक निजी स्कूल में शिविर लगाने का प्रयास किया था, लेकिन स्कूल प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण कैंप आयोजित नहीं हो सका। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग अस्पताल आने वाले अभिभावकों और किशोरियों को समझाकर टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहा है, लेकिन कई अभिभावक अभी भी वैक्सीन को लेकर असमंजस और डर की स्थिति में हैं।स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय रहते लगाया गया टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव में बेहद प्रभावी साबित होता है। यही वजह है कि केंद्र और राज्य सरकारें इस अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का प्रयास कर रही हैं। इसके बावजूद काशीपुर क्षेत्र में अभियान की धीमी रफ्तार चिंता का विषय बनती जा रही है।चौंकाने वाली बात यह भी है कि ऊधमसिंह नगर जिला प्रदेश में एचपीवी वैक्सीनेशन के मामले में सबसे आगे माना जा रहा है, लेकिन काशीपुर क्षेत्र इस अभियान में पिछड़ता दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और स्कूलों में विशेष शिविर लगाने के लिए फिर से प्रयास किए जाएंगे। साथ ही अधिक से अधिक अभिभावकों को जागरूक कर किशोरियों को इस गंभीर बीमारी से बचाव का सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment