काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर कोतवाली काशीपुर पुलिस ने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 18 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां उनकी काउंसलिंग की गई और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने से कानून व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान सभी 18 लोगों का 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या हुड़दंग की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
