काशीपुर। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंपावत में नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी और आरोपियों को कथित राजनीतिक संरक्षण दिए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित प्रदर्शन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और दोषियों को फांसी देने की मांग उठाई। प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजाक के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस काशीपुर के जिला अध्यक्ष सारिम सैफी ने किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रदेश सरकार पर कानून- व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए। जिला अध्यक्ष सारिम सैफी ने कहा कि चंपावत की घटना ने देवभूमि उत्तराखंड की आत्मा को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ऐसे मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। सारिम सैफी ने मांग की कि पूरे मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं और सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कानून- व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में शामिल हर संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।इस अवसर पर, महानगर अध्यक्ष अलका पाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, राजू छीना, मोहम्मद आरिफ सैफी, इन्दुमान, हैदर अली, मंसूर अली, मोहम्मद हनीफ गुड्डू, लवदीप सिंह, अनीस अंसारी, तौकीर अंसारी, वसीम रजा, शाह आलम, रांझना गुप्ता, साहिल रजा, ललित मोहन, रियासत सैफी, फैजान अंसारी सहित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे। वही उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव शिवम शर्मा ने चंपावत में सामने आए गंभीर घटनाक्रम और उसके बाद तेजी से बदलते घटनाक्रम पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे मामले ने प्रदेश की जनता को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पहले पीड़ित पक्ष द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए और बाद में बयान बदलते नजर आए, उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे संवेदनशील मामलों में सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है। शिवम शर्मा ने कहा कि यदि किसी प्रकार का दबाव, भय या राजनीतिक हस्तक्षेप इस मामले में हुआ है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर दिखाई नहीं दे रही है। सरकार और प्रशासन का दायित्व केवल बयान देना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाना होना चाहिए। शिवम शर्मा ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय और पारदर्शी जांच कराई जाए ताकि सत्य जनता के सामने आ सके और किसी भी निर्दाेष के साथ अन्याय न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्याय की इस लड़ाई में हमेशा पीड़ितों और सत्य के साथ खड़ी रहेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
