रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान 28 जून से 4 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों ने भाग लिया।बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के सफल संचालन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए बूथों तक लेकर आएं।जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को ब्लॉक स्तर पर शीघ्र बैठकें आयोजित कर अभियान को सफल बनाने की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कम वैक्सीनेशन वाले क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने को कहा।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2,74,889 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद में 1,184 फिक्स बूथ, 86 ट्रांजिट बूथ तथा 52 मोबाइल बूथ स्थापित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 1,322 बूथों के माध्यम से अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान की निगरानी के लिए 259 सुपरवाइजर भी तैनात किए गए हैं।उन्होंने बताया कि 29 जून से 4 जुलाई तक आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। साथ ही जिन विद्यालयों में पोलियो बूथ बनाए गए हैं, वे 28 जून रविवार को भी खुले रहेंगे ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक अभियान का लाभ पहुंचाया जा सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. एस.पी. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, आईएमए, डब्ल्यूएचओ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
