देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 187 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के 182 अभ्यर्थी तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के 5 अभ्यर्थी शामिल हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का प्रमाण नहीं, बल्कि प्रदेश के सवा करोड़ नागरिकों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने सभी नवचयनित अधिकारियों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी पद अधिकार का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम होता है और प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके परिणामस्वरूप युवाओं का सरकारी भर्ती प्रणाली पर विश्वास मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवचयनित अधिकारी अपनी कार्यशैली, ईमानदारी और समर्पण से उत्तराखंड के सुशासन और विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
