रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (यूबीएसई) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार संस्थागत परीक्षार्थियों के लिए आवेदन पत्र भरने एवं निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थी निर्धारित शुल्क के साथ 14 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष भी पिछले वर्ष की तरह सभी आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय अपने संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन अपने निर्धारित पोर्टल पर भरेंगे, जिसके बाद विद्यार्थियों का ऑनलाइन डाटा बोर्ड कार्यालय को भेजा जाएगा। उत्तराखंड बोर्ड के सचिव वीपी सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा आवेदन पत्र अग्रसारित करने तथा निर्धारित शुल्क राजकोष में जमा कराने की समय-सीमा तय कर दी गई है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत परीक्षार्थी यदि 14 अगस्त के बाद आवेदन शुल्क जमा करते हैं तो उन्हें निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त 150 रुपये विलंब शुल्क भी देना होगा। परिषद ने सभी विद्यालयों और विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि परीक्षा से संबंधित आगे की सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें और किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
