देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन और सड़क यातायात पर साफ दिखाई दे रहा है। भारी वर्षा के चलते शुक्रवार को भी राज्य के 34 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद रहे, जिससे कई क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे आमजन की परेशानी और बढ़ गई। सड़कें बंद होने के कारण आवश्यक सेवाएं और दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। राज्य में सबसे अधिक प्रभावित जिला चमोली रहा, जहां 10 ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी अवरुद्ध हैं। इसके बाद सीमांत जिला पिथौरागढ़ सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां आठ मोटर मार्ग बंद पड़े हैं। मार्ग बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति तथा अन्य दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश में लगातार बारिश के कारण 32 मोटर मार्ग बंद हो गए थे। वहीं, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी भूस्खलन और मलबा आने के कारण करीब साढ़े 11 घंटे तक बाधित रहा था, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। प्रशासन की ओर से बंद मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
