देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की राजनीति में नया इतिहास रचते हुए भारतीय जनता पार्टी के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बनने का गौरव हासिल किया है, जिन्होंने प्रदेश में लगातार पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी 9 जुलाई को एक और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने नाम करने जा रहे हैं। इस दिन वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी (एनडी तिवारी) के सबसे लंबे मुख्यमंत्री कार्यकाल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ देंगे। एनडी तिवारी अब तक उत्तराखंड के एकमात्र मुख्यमंत्री रहे हैं जिन्होंने पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के साथ सबसे लंबी अवधि तक मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई थी। अब 9 जुलाई को मुख्यमंत्री धामी इस रिकॉर्ड को भी पार कर प्रदेश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बन जाएंगे। पिछले पांच वर्षों के दौरान धामी सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय और जनहित से जुड़े बड़े कदम उठाए हैं। इस अवधि में प्रदेश की राजनीति में कई बार अस्थिरता की चर्चाएं भी सामने आईं, लेकिन मुख्यमंत्री धामी ने सभी राजनीतिक और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा तथा सभी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर आगे बढ़ते रहे। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण और साहसिक फैसले लिए, जिनकी व्यापक चर्चा हुई। उनके नेतृत्व और निर्णय क्षमता की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने उन्हें ‘धाकड़ और धुरंधर धामी’ की उपाधि दी थी, जिसके बाद से मुख्यमंत्री धामी इसी नाम से भी व्यापक रूप से पहचाने जाने लगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
