रुद्रपुर। पं. रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से 100 MBBS सीटों के साथ संचालन का मार्ग प्रशस्त होने पर नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को शुरू कराने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे और अब अगले शैक्षणिक सत्र से यहां MBBS की 100 सीटों के साथ पढ़ाई शुरू होने की दिशा में प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से इस परियोजना के लिए अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। परियोजना 90:10 के वित्तीय अनुपात पर आधारित है, जिसमें शेष राज्यांश उत्तराखंड सरकार की ओर से दिया जा रहा है। सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में MBBS की 100 सीटें उपलब्ध होने से प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे और भविष्य में प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू कराने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से संपर्क बनाए रखने के साथ पत्राचार तथा व्यक्तिगत वार्ता भी की। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर संस्थान को वर्तमान सत्र से प्रारंभ कराने का अनुरोध किया था। सांसद के अनुसार, कुछ तकनीकी कारणों से मेडिकल कॉलेज को मौजूदा सत्र में शुरू करना संभव नहीं हो पाया, लेकिन शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए इसी वर्ष आवश्यक निर्देश जारी होना संतोषजनक है। इससे संस्थान में 100 MBBS सीटों के साथ शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज की सुविधा मिलने के बाद रुद्रपुर में इस संस्थान का संचालन चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगा। अजय भट्ट ने उम्मीद जताई कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
