काशीपुर। आपदा दिवस के अवसर पर आज आयोजित आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल के दौरान एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना पर पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान वार्ड में फंसे दो नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की गई।मॉक ड्रिल के तहत सुबह 10ः15 बजे पुलिस कंट्रोल रूम काशीपुर को अस्पताल के वार्ड में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और विद्युत विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। सभी विभागों ने आपसी समन्वय और तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। संयुक्त अभियान के दौरान आग से प्रभावित वार्ड में मौजूद दोनों नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, उपलब्ध संसाधनों और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया। पुलिस एवं प्रशासन ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग सदैव तत्पर हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
