काशीपुर। मानसून के दौरान तापमान में हो रही नमी के कारण क्षेत्र में वायरल बुखार, टाइफाइड, डेंगू और मलेरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में प्रतिदिन अधिक बुखार के मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। काशीपुर के राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ- प्रियांक चौहान ने बताया कि बदलते मौसम के कारण वायरल बुखार के मामले सबसे अधिक सामने आ रहे हैं। इसके अलावा टाइफाइड के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि अधिक नमी, दूषित पानी और बदलता तापमान संक्रमण फैलने की प्रमुख वजह हैं। डॉक्टरों के अनुसार बारिश के मौसम में जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रजनन बढ़ जाता है, जिससे डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, दूषित पानी और बाहर का अस्वच्छ भोजन खाने से टाइफाइड और वायरल संक्रमण फैल रहा है। मौसम में बदलाव से लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी प्रभावित हो रही है।चिकित्सकों ने सलाह दी है कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें। समय पर जांच और उपचार से इन बीमारियों पर आसानी से काबू पाया जा सकता है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
