कारगिल विजय दिवस पर ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन, शहीदों को नमन कर दौड़े मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। गढ़ी कैंट स्थित शौर्य स्थल, छिड़बाग में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन किया। इसके बाद उन्होंने सैकड़ों युवाओं, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ मैराथन में दौड़ लगाकर देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कारगिल विजय भारत के साहस, शौर्य और अदम्य वीरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने न केवल रणभूमि में बल्कि कूटनीतिक स्तर पर भी ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। भारतीय सेना के वीर जवानों ने अपने अद्वितीय पराक्रम से दुर्गम चोटियों पर पुनः तिरंगा फहराकर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा और आने वाली पीढ़ियां भी उनके साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेती रहेंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, कर्तव्य और बलिदान की भावना को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों में लगभग 17 करोड़ रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं तथा 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए ये कदम युवाओं को और अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर तथा आत्मविश्वासी बनाएंगे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के उद्घोष से वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। मैराथन के माध्यम से कारगिल के वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय बलिदान को याद किया गया तथा युवाओं को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति के मूल्यों से प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment