कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री धामी की बड़ी घोषणाएं; शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख, मुफ्त बस यात्रा और स्टाम्प ड्यूटी में भी राहत

देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद सैनिकों और उनके परिजनों के सम्मान एवं कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए राज्य सरकार की सैनिक हितैषी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, वीरता, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है तथा देश सदैव अपने वीर जवानों के त्याग का ऋणी रहेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। इसी भावना के अनुरूप उत्तराखंड सरकार भी सैनिकों और शहीद परिवारों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब शहीद सैनिकों के आश्रित परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय शहीद परिवारों के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान का प्रतीक है, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा।इसके साथ ही सरकार ने शहीद परिवारों के एक सदस्य को सरकारी सेवा में नियुक्ति के लिए आवेदन करने की समय सीमा भी 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई परिवार कठिन परिस्थितियों के कारण निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाते थे, इसलिए उन्हें पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।मुख्यमंत्री धामी ने शहीद परिवारों को अतिरिक्त राहत देते हुए घोषणा की कि अब उन्हें उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं भूमि खरीदने पर स्टाम्प ड्यूटी में 25 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जाएगी, जिससे परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ सामाजिक सुरक्षा भी मिल सके।उन्होंने वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि राज्य सरकार देश की रक्षा में अद्वितीय साहस और पराक्रम दिखाने वाले सैनिकों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करती रहेगी। उनके कल्याण और सम्मान से जुड़े आवश्यक निर्णय भविष्य में भी निरंतर लिए जाते रहेंगे।मुख्यमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से वीर सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों के गौरव, सम्मान और कल्याण के लिए सदैव समर्पित रहेगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment