कारगिल विजय दिवस पर शौर्य स्थल पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह; वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर नारियों का किया सम्मान

देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने देहरादून स्थित चीड़बाग शौर्य स्थल पहुंचकर कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया तथा उनके परिजनों, विशेषकर वीर नारियों का सम्मान करते हुए देश के प्रति उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।राज्यपाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के उन अमर वीरों के अद्वितीय साहस और बलिदान का स्मरण दिवस है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी अपने प्राणों की परवाह किए बिना राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा की। उन्होंने कहा कि आज हम यहां अपने वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्र हुए हैं और यह हम सभी के लिए गर्व तथा भावनाओं का क्षण है।उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया और राज्य के सैनिकों ने अपने अद्वितीय पराक्रम से पूरे देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के सैनिकों को कारगिल युद्ध में 39 वीरता पुरस्कार भी प्राप्त हुए, जो उनकी असाधारण वीरता और समर्पण का प्रमाण हैं।राज्यपाल गुरमीत सिंह ने समारोह में उपस्थित वीर नारियों का विशेष रूप से सम्मान करते हुए कहा कि जिन वीर जवानों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उनके परिवारों के प्रति पूरा देश सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा, “आज जिन वीर नारियों का सम्मान किया गया है, उनके प्रति हम सभी कृतज्ञ हैं। हमारे जो वीर योद्धा आज इस दुनिया में नहीं हैं, वे भी यह देखकर संतोष महसूस करेंगे कि देश उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनका सम्मान कर रहा है।”उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों ने पूरे देश को यह संदेश दिया कि राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है। दुर्गम पहाड़ों, अत्यधिक ठंड और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भारतीय सैनिकों का मनोबल कभी नहीं डगमगाया और उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए ऐतिहासिक विजय प्राप्त की।राज्यपाल ने वीर नारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अकेली नहीं हैं, बल्कि पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य और केंद्र सरकार सैनिकों तथा शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। अंत में उन्होंने सभी अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment