देहरादून। देहरादून–पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदा की चौकी के समीप टोंस नदी पर लगभग ₹16 करोड़ की लागत से निर्मित और हाल ही में लोकार्पित नए पुल की एप्रोच रोड भारी बारिश के बाद धंस गई। घटना के बाद सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है।बताया जा रहा है कि यह पुल हाल ही में जनता के लिए खोला गया था और लोकार्पण के करीब 17 दिन बाद ही भारी बारिश के बीच इसकी एप्रोच रोड धंसने की घटना सामने आई। हालांकि पुल की मुख्य संरचना सुरक्षित बताई जा रही है, लेकिन इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और केवल एप्रोच रोड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। एप्रोच रोड को युद्धस्तर पर दुरुस्त किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके।उन्होंने बताया कि विभाग के मुख्य अभियंता को मौके पर भेजकर पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी अधिकारी, निर्माण एजेंसी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर तैनात हैं और नदी के तेज बहाव को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद एप्रोच रोड धंसने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
