देहरादून। उत्तराखंड में विभिन्न बोर्डों एवं निगमों में नियुक्त दायित्वधारियों को आगामी चुनावों के मद्देनजर बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। सभी दायित्वधारियों को एक-एक संगठनात्मक मंडल की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच सेतु की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय योगदान देना चाहिए।रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने दायित्वधारियों के साथ संवाद कर राज्य के विकास, जनकल्याण एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि दायित्वधारियों की जिम्मेदारी केवल सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को आमजन तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी है।उन्होंने सभी दायित्वधारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों एवं समस्याओं को संबंधित विभागों और शासन के संज्ञान में लाकर उनके त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएं।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का संकल्प है कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में दायित्वधारियों की सक्रिय सहभागिता और जिम्मेदार भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
