देहरादून। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदेशभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। गृह विभाग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी वांछितों और असामाजिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों से संबंधित सूची सभी जिलों के साथ साझा कर दी है। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश की सीमाओं के प्रवेश स्थलों, संवेदनशील स्थानों, प्रमुख सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों और स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होने वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। पुलिस और खुफिया तंत्र को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए प्रदेशभर में सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। गृह विभाग ने सभी जिलों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजार, होटल और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन स्थानों पर बम निरोधक दस्तों के साथ-साथ डॉग स्क्वाड की मदद से भी सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस एवं खुफिया एजेंसियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना को गंभीरता से लेने और आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि सभी समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराए जा सकें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
