देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश को एक मजबूत और वाइब्रेंट स्टार्टअप हब के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार की दूरदर्शी नीतियों, मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम और युवाओं में बढ़ती उद्यमिता की भावना के चलते उत्तराखंड में नवाचार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। धामी सरकार का विशेष जोर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा, नए विचारों और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने पर है, ताकि युवा केवल रोजगार तलाशने वाले न बनें, बल्कि अपने उद्यम स्थापित कर स्वयं के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। स्टार्टअप्स के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता है और इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने युवाओं तथा नए उद्यमों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए ₹200 करोड़ का वेंचर फंड स्थापित किया है। यह फंड नए और नवाचार आधारित विचारों को व्यवसाय में बदलने के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में मदद कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी की पहल के तहत प्रदेश में स्टार्टअप्स के लिए बेहतर आधारभूत और संस्थागत सुविधाएं विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्यभर में इनक्यूबेशन सेंटर्स विकसित किए जा रहे हैं, जहां स्टार्टअप संचालकों को मेंटरशिप, तकनीकी सहायता, ऑफिस स्पेस और नेटवर्किंग के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे शुरुआती स्तर पर काम कर रहे उद्यमों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और संसाधन मिल सकें। धामी सरकार की ‘उत्तराखंड स्टार्टअप पॉलिसी’ के माध्यम से भी स्टार्टअप्स को कई प्रकार की सुविधाएं और रियायतें प्रदान की जा रही हैं। इसके तहत आसान पंजीकरण प्रक्रिया के साथ स्टाम्प ड्यूटी में छूट, बिजली दरों में सब्सिडी और पेटेंट फाइलिंग के लिए वित्तीय सहायता जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में ऐसा अनुकूल वातावरण तैयार करना है, जहां युवा अपने नए विचारों और तकनीकी नवाचारों को व्यावसायिक रूप देकर उन्हें सफल उद्यम में परिवर्तित कर सकें। राज्य में स्टार्टअप इकोसिस्टम के विस्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश में 1500 से अधिक स्टार्टअप्स के सक्रिय रूप से संचालित होने की बात सामने आई है। पर्वतीय क्षेत्रों में कारोबार करने वाले स्टार्टअप्स के सामने लॉजिस्टिक्स, बाजार तक पहुंच और उत्पादों की मार्केटिंग जैसी व्यावहारिक चुनौतियां भी रहती हैं। इन चुनौतियों को कम करने के लिए धामी सरकार की ओर से ‘यूनिटी मॉल’ और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे माध्यमों पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि दूरदराज के क्षेत्रों में काम कर रहे उद्यमों को व्यापक बाजार से जोड़ा जा सके और उनके उत्पादों को बेहतर मार्केटिंग प्लेटफॉर्म मिल सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में वित्तीय सहायता, इनक्यूबेशन सुविधाओं, नीतिगत प्रोत्साहन और बाजार से जुड़ाव के माध्यम से उत्तराखंड के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इन पहलों से प्रदेश के युवाओं को अपने आइडिया पर काम करने, नए उद्यम शुरू करने और स्वरोजगार के साथ रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं, जिससे उत्तराखंड को देश के एक उभरते हुए स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने की सरकार की कोशिशों को गति मिल रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
