धामी सरकार का बड़ा खेल अभियान, सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ-2026

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के युवाओं में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में मौजूद खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ-2026 के आयोजन की घोषणा की है। मुख्यमंत्री की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने के साथ-साथ राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के अवसर उपलब्ध कराना है। खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत “खेल महाकुंभ-2026–मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी” के नाम से किया जाएगा, जिसके लिए युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस खेल अभियान के तहत प्रतियोगिताओं को न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, लोकसभा क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिल सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार न्याय पंचायत स्तर की खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 11 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक होगा, जबकि लोकसभा क्षेत्र स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 21 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इसके बाद राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सरकार का लक्ष्य खेल महाकुंभ के माध्यम से प्रदेश के उन युवाओं तक भी खेल सुविधाओं और प्रतिस्पर्धा के अवसरों को पहुंचाना है, जो ग्रामीण, पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहते हैं तथा पर्याप्त मंच के अभाव में अपनी प्रतिभा को आगे नहीं बढ़ा पाते। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस पहल को प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खेल महाकुंभ-2026 के माध्यम से खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर से आगे बढ़ते हुए विधानसभा, लोकसभा और राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment