केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सरकार अलर्ट, सुविधाओं की लगातार होगी निगरानी

रुद्रप्रयाग। राज्य सरकार ने केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, परिवहन व्यवस्था और यात्रा मार्ग से जुड़ी अन्य आवश्यक सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को रुद्रप्रयाग पहुंचकर केदारनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने प्रभारी सचिव को बताया कि यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं तथा संबंधित विभागों द्वारा इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। समीक्षा के दौरान यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर भी जानकारी ली गई। प्रभारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने तथा आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित एवं निरंतर निगरानी की जाए, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही घोड़ा-खच्चरों के संचालन में मानवीय व्यवहार और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाए और जहां भी किसी प्रकार की कमी सामने आए, उसका तत्काल समाधान किया जाए। सरकार का उद्देश्य केदारनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment