पंतनगर एयरपोर्ट पर विमान अपहरण की मॉक एक्सरसाइज सफल, सुरक्षा एजेंसियों ने परखी आपात तैयारी

पंतनगर। पंतनगर हवाई अड्डे पर बुधवार 9 सितंबर 2026 को विमान अपहरण जैसी गंभीर आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए Anti-Hijacking Mock Exercise का सफल आयोजन किया गया। नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य विमान अपहरण जैसी आकस्मिक परिस्थिति में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों, प्रशासनिक विभागों और संबंधित संस्थानों की तत्परता, आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था, प्रतिक्रिया समय तथा निर्धारित जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन का परीक्षण करना था। मॉक एक्सरसाइज के तहत पंतनगर एयरपोर्ट पर विमान अपहरण की काल्पनिक स्थिति तैयार कर Full Emergency घोषित की गई, जिसके बाद सूचना मिलते ही संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सक्रिय हुईं और घटना स्थल पर पहुंचकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया। अभ्यास में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जिला प्रशासन और डीडीएमए की ओर से जिलाधिकारी के प्रतिनिधि उमाशंकर नेगी, राज्य पुलिस की ओर से एसपी सिटी रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी, आसूचना ब्यूरो के सहायक निदेशक अनूप पाण्डेय, स्थानीय अभिसूचना इकाई के निरीक्षक देवराज नव्याल, आतंकवाद निरोधक दस्ता के एएसआई नरेन्द्र सिंह, पंतनगर थाना पुलिस के थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, फायर सर्विस के प्रभारी गणेश बिष्ट, जिला अस्पताल की मेडिकल टीम से डॉ. सुधीर गुप्ता तथा जी.बी. पंत विश्वविद्यालय की मेडिकल टीम से डॉ. त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक शामिल रहे। इसके अलावा नेगोशिएटर एवं भाषाविद् टीम, मनोचिकित्सक तथा अन्य विशेषज्ञों ने भी अभ्यास में सक्रिय भागीदारी की। मॉक एक्सरसाइज के दौरान सभी टीमों ने निर्धारित Standard Operating Procedures (SOPs) के तहत कार्रवाई करते हुए काल्पनिक आपात स्थिति को नियंत्रित करने, यात्रियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच त्वरित और प्रभावी समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। अभ्यास के माध्यम से यह भी परखा गया कि किसी वास्तविक विमानन आपात स्थिति के दौरान सूचना मिलने से लेकर संबंधित एजेंसियों के मौके पर पहुंचने, परिस्थितियों का आकलन करने और संयुक्त रूप से कार्रवाई करने तक पूरी व्यवस्था कितनी प्रभावी ढंग से काम करती है। इस दौरान जिला प्रशासन, राज्य पुलिस, आसूचना ब्यूरो, स्थानीय अभिसूचना इकाई, आतंकवाद निरोधक दस्ता, फायर सर्विस, चिकित्सा दल और स्थानीय पुलिस के साथ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, एयरपोर्ट सिक्योरिटी, ऑपरेशनल टीम, एयरलाइंस तथा ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के बीच भी समन्वय की स्थिति का परीक्षण किया गया। अधिकारियों के अनुसार इस तरह की मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य वास्तविक आपातकाल की स्थिति में किसी भी प्रकार की देरी को कम करते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को निर्धारित भूमिका के अनुसार तत्काल और समन्वित कार्रवाई के लिए तैयार रखना है। अभ्यास के दौरान सामने आए विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा भी की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। पंतनगर एयरपोर्ट पर आयोजित यह अभ्यास विमान अपहरण जैसी गंभीर परिस्थितियों से निपटने के लिए सुरक्षा एवं आपातकालीन तंत्र की तैयारियों को जांचने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment