काशीपुर। नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए महापौर दीपक बाली ने आज महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सरकार के स्तर से काशीपुर के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। महापौर दीपक बाली ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक के प्रथम चरण में करीब चार करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि काशीपुर के आठ प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण की योजना है। आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे। महापौर ने कहा कि महाराणा प्रताप चौक समेत अन्य चौराहों के विकास का प्रयास करीब दस महीने पहले शुरू किया गया था, जिसका परिणाम अब दिखाई देने लगा है। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण का यह प्रथम चरण है। दूसरे चरण में मुख्य बाजार की ओर जाने वाली सड़क और चौक के प्रवेश द्वार को भी योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए ड्रॉइंग और डिजाइन तैयार किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि गुरु नानक साहिब चौक के नामकरण से जुड़े कार्य की वर्किंग ड्रॉइंग तैयार की जा रही है और अगले आठ से दस दिनों में वहां भी कार्य शुरू होने की संभावना है। महापौर ने काशीपुर की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या को लेकर बताया कि शहर के लिए करीब 800 करोड़ रुपये का व्यापक ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके प्रथम चरण की लागत करीब 200 करोड़ रुपये है और टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रथम चरण का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज प्लान पूरे काशीपुर की जल निकासी व्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके तहत कम क्षमता वाले नालों को चौड़ा किया जाएगा, आवश्यकता वाले नालों को कवर किया जाएगा तथा नए नालों व नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा। गेबिया नाला, राधेश्याम बिल्डिंग के आगे से गुजरने वाला नाला, मुरादाबाद रोड समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों की जल निकासी व्यवस्था को योजनाबद्ध तरीके से व्यवस्थित किया जाएगा। महापौर ने उम्मीद जताई कि ड्रेनेज प्लान पूरा होने के बाद काशीपुर की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि चौराहों का सौंदर्यीकरण, ड्रेनेज व्यवस्था और अन्य विकास कार्य काशीपुर की जनता को समर्पित हैं।इस अवसर पर जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता उत्कर्ष पांडे, ठेकेदार एसके चौहान, आशीष चौहान, तुषार चौहान, संजीव यादव, मनीष चौहान, पार्षद दीपा पाठक, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक, पार्षद पुष्कर बिष्ट, प्रकाश नेगी, नामित पार्षद नितिन गोले, भाजपा नेता रजत सिद्धू सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
