प्रवासी उत्तराखंडियों और प्रबुद्धजनों से मिले सीएम धामी, विकास को लेकर लिए सुझाव

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में विभिन्न संस्थानों से जुड़े प्रवासी उत्तराखंडियों और प्रबुद्धजनों से मुलाकात कर प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में प्रवासी उत्तराखंडवासियों और बुद्धिजीवियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक के दौरान राज्य के विकास को लेकर विभिन्न सुझाव भी प्राप्त हुए, जिन्हें मुख्यमंत्री ने नीतियां तैयार करते समय शामिल करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्यटन, स्वरोजगार, स्थानीय कारोबार और निवेश को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने रिवर्स माइग्रेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में इसमें 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। होमस्टे, छोटे होटल, कृषि और बागवानी जैसे क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य में बेहतर कनेक्टिविटी को निवेश के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और हवाई सेवाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देहरादून से देश के प्रमुख शहरों के लिए 50 से अधिक हवाई सेवाएं संचालित हो रही हैं। वहीं, पंतनगर को कृषि और उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को भी महत्वपूर्ण बताया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment