काशीपुर। अपने पुत्रों व पुत्रवधू के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाती एक वृद्धा पिछले काफी समय से परेशान घूम रही है। करीब पंद्रह दिन पहले उसने उपजिलाधिकारी कार्यालय में पत्र सौंपकर इंसाफ की गुहार लगाई, लेकिन कोई नतीजा हासिल नहीं हुआ। बीती 24 अप्रैल को मौहल्ला महेशपुरा निवासी भूरी पत्नि नन्हे सिंह ने उपजिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि उसके दो पुत्र और पुत्रवधू आये दिन उसे परेशान करते हैं और खाने-पीने के लिये कुछ भी नहीं देते हैं। आरोप लगाया कि उसकी सारी जमापूंजी पुत्रों ने आपस में बांट ली है और पुत्र व पुत्रवधु उसे उसके ही घर से निकालना चाहते हैं। जबकि मकान उसके नाम पर है। वृद्ध विधवा का आरोप है कि पुत्र उसे मारते-पीटते हैं। परेशान होकर कई बार बांसफोड़ान पुलिस चौकी में शिकायत की किन्तु कोई सुनवाई नहीं हुई। वृद्धा भूरी ने बताया कि मजबूरन उसने इंसाफ के लिये उपजिलाधिकारी कार्यालय में पत्र सौंपा है। पीड़ित वृद्धा की मांग है कि उसके मकान से उसके पुत्रों व पुत्रवधू को निकाला जाये। उधर, उपजिलाधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपियों को नोटिस जारी किया गया है। कार्यवाही गतिमान है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
