काशीपुर। रोडवेज बस स्टेशन की जर्जर हालत और अव्यवस्थाओं को लेकर महानगर कांग्रेस की जिलाध्यक्ष अलका पाल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द रोडवेज बस स्टेशन के रखरखाव और सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे।अलका पाल ने कहा कि लंबे समय से रोडवेज बस स्टेशन को स्थानांतरित किए जाने की चर्चा चल रही है, लेकिन अब तक शासन की ओर से कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं किया गया है। वर्तमान में बस स्टेशन की स्थिति बेहद खराब है। टूटी हुई चारदीवारी, क्षतिग्रस्त शौचालय और खंडहर में तब्दील होती इमारत किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में रोडवेज परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन पानी निकासी के लिए न तो फर्श की मरम्मत कराई गई और न ही कोई स्थायी व्यवस्था की गई है। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान में रोडवेज बस स्टेशन में केवल 25 प्रतिशत नियमित कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 75 प्रतिशत कर्मचारी आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने की बात करने वाली सरकार स्थायी भर्तियों के बजाय अस्थायी कर्मचारियों के भरोसे व्यवस्था चला रही है।अलका पाल ने मांग करते हुए कहा कि काशीपुर से गदरपुर होते हुए सिरसा (हरियाणा) तक बस सेवा शुरू की जानी चाहिए, क्योंकि बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग हरियाणा में निवास करते हैं। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ रोडवेज का राजस्व भी बढ़ेगा। इसके अलावा उन्होंने काशीपुर से सीधे कानपुर तक बस सेवा शुरू करने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कानपुर औद्योगिक नगरी होने के कारण वहां से व्यापारिक संपर्क अधिक है और सीधी बस सेवा शुरू होने से व्यापारियों और यात्रियों दोनों को लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि वर्ष 1982 में तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित नारायण दत्त तिवारी के समय बना रोडवेज बस स्टेशन आज बदहाली का शिकार है, लेकिन भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। अलका पाल ने आरोप लगाया कि शाम होते ही बस स्टेशन अंधेरे में डूब जाता है, जिससे महिला यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता रोडवेज बस स्टेशन की समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
