काशीपुर। निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी/उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने आज नगर निगम सभागार में काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर मजिस्ट्रेट, सुपरवाईजर के साथ ही सभी बीएलओ व उनकी सहायकों की बैठक बुलाकर उन्हें एक दूसरे को सहयोग करने की सख्त हिदायत दी। कहा कि एसआईआर कार्य में किसी भी व्यक्ति की हीलाहवाली किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि इस कार्य को सही ढंग से तभी पूरा कर पायेंगे जब पूरी टीम एक दूसरे को सहयोग करेगी। उन्होंने एसआईआर कार्य को सही ढंग से सम्पन्न कराने के लिए इस कार्य में लगाई गई पूरी टीम को कई दिशा-निर्देश भी दिये। बैठक के बाद निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी/उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर का कार्य सम्पन्न कराने के लिए 202 बूथ बनाये गये है। हर बूथ के लिए तीन लोगों की टीम बनाई गई है जिसमें एक बीएलओ, एक सहायक व एक अन्य को शामिल किया गया है। बताया कि एसआईआर फार्म वितरित करने का कार्य हो चुका है अब फार्म में मतदाता की पहचान से संबंधित सूचनाएं अंकित कर फार्म वापस लेकर उन्हें डिजीटाइलेशन करने की प्रक्रिया चल रही है। बताया कि इस कार्य केलिए विधानसभा क्षेत्र में 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 20 सुपरवाईजरों को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं पूरी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) हैं। कहा कि एसआईआर कार्य में लगी टीम डोर-टू-डोर व हाउस-टू-हाउस सर्वे कर रही है। सभी फार्म कलेक्ट करके उन्हें डिजीटाईलेशन की प्रक्रिया की जा रही है। विधानसभा क्षेत्र में लगभग 16 प्रतिशत एसआईआर का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष कार्य भी समय पर पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वह उनके घर पहुंचने वाले बीएलओ को पूरा सहयोग करें और एसआईआर फार्म में अपनी सही जानकारी अंकित कराएं ताकि उनकी सही सूचना को वोटर लिस्ट में सही ढंग से अंकित किया जा सके। बैठक में तहसीलदार पंकज चंदोला समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
