काशीपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती इस वर्ष भी आगामी 10 सितंबर को हर्षाेल्लास और श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क में सुबह 10 बजे आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दिल्ली से आए पंत जयंती समारोह के समन्वयक ललित मोहन भट्ट, मुख्य प्रभारी राजेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली। गोविंद बल्लभ पंत समिति के संयोजक दिलीप मेहरोत्रा ने बताया कि समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने पार्क की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। कहा कि वर्ष में केवल एक बार पंत जयंती के अवसर पर पार्क का सौंदर्यीकरण और सफाई कराई जाती है। इसके बाद पूरे वर्ष पार्क में अव्यवस्थाएं बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के खेलने के लिए बनाया गया पंत पार्क अब नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। पार्क का मुख्य गेट भी वर्ष में केवल एक बार खोला जाता है। शौचालय बदहाल है, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त नहीं है और झूले भी खराब पड़े हैं। फव्वारा नियमित रूप से संचालित नहीं होता। पंत जी की प्रतिमा पर भी वर्ष में एक बार ही रंग-रोगन कराया जाता है और प्रतिमा के आसपास गंदगी फैली रहती है। समिति की ओर से पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग पहले ही प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस पर कार्रवाई नहीं हुई। मेहरोत्रा ने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर पंत पार्क की व्यवस्थाओं में सुधार कराने का आग्रह किया जाएगा। वही स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क में वर्षों से बंद पड़े पानी के फव्वारे को पंत जयंती से पहले दुरुस्त कराने की मांग उठी है। नगरवासियों का कहना है कि फव्वारा खराब होने से पार्क की सुंदरता प्रभावित हो रही है। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा के समीप स्थित फव्वारे के चालू होने से पार्क का आकर्षण बढ़ेगा। भारत रत्न पं- गोविंद बल्लभ पंत समारोह समिति के संयोजक दिलीप मेहरोत्र व सह संयोजक गौतम मेहरोत्र ने नगर निगम से फव्वारे की शीघ्र मरम्मत कराने का आग्रह किया है। लोगों ने उम्मीद जताई कि 10 सितंबर को पंत जयंती से पहले फव्वारा चालू करा दिया जाएगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
