रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित एक ग्राउंड में काम के लिए घर से निकले मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मृतक की पत्नी ने शव की पहचान बरेली निवासी विजय (35) के रूप में की। पहचान के बाद महिला ने अपने पति की मौत को लेकर उसके कुछ साथियों पर हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस को बुधवार देर रात बगवाड़ा भट्टा के पास स्थित एक ग्राउंड में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। इसके बाद पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुट गई। बृहस्पतिवार को रंपुरा निवासी माया पोस्टमार्टम हाउस पहुंची, जहां उसने शव की पहचान अपने पति विजय के रूप में की। माया के अनुसार उसका पति राजमिस्त्री का काम करता था। बुधवार सुबह उसने अपने पति के लिए खाना बनाकर दिया था। इसके बाद दोपहर में विजय ने फोन कर बताया था कि वह शाम तक घर वापस आ जाएगा, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। पति के घर नहीं लौटने पर महिला ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन पड़ोसियों के माध्यम से उसे जानकारी मिली कि उसके पति का शव मिला है। इसके बाद वह पोस्टमार्टम हाउस पहुंची और शव की पहचान की। मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि करीब 25 दिन पहले ही उसके पति की रुद्रपुर के कुछ लोगों से दोस्ती हुई थी और इसके बाद वह अक्सर उन्हीं लोगों के साथ काम पर जाने लगा था। महिला के अनुसार बुधवार को भी विजय उन्हीं लोगों के साथ घर से काम के लिए निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और देर रात उसका शव बगवाड़ा भट्टा के पास स्थित ग्राउंड में मिला। पत्नी ने अपने पति के साथ काम पर जाने वाले कुछ लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मृतक के साथ बुधवार को मौजूद रहे लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
