उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, सीएम धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के दिए निर्देश

देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों और संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से भी मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें अवरुद्ध होने की आशंका है। इसके साथ ही नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने तथा मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना जताई गई है।मुख्यमंत्री धामी ने रेड अलर्ट के दौरान लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहुत जरूरी होने पर ही मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करें। साथ ही स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गाड़-गदेरों, बरसाती धाराओं और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाएं। तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने या पानी के तेज बहाव को पार करने का प्रयास न करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को नदी-नालों और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से नदी-नालों के जलस्तर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पर्वतीय मार्गों, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।धामी ने निर्देश दिए कि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं। रणनीतिक स्थानों पर राहत एवं बचाव दल, आवश्यक उपकरण, जेसीबी और अन्य मशीनरी तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment