देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हरियाणा भ्रमण पर जा रहे उत्तराखंड के युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे भ्रमण के दौरान केवल पर्यटन तक सीमित न रहें, बल्कि हरियाणा की संस्कृति, जीवनशैली, विकास कार्यों, कृषि, खेल, नवाचार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को करीब से समझें तथा वहां की अच्छी कार्यप्रणालियों और उपयोगी अनुभवों को उत्तराखंड के संदर्भ में साझा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराज्यीय युवा भ्रमण का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाना है। उन्होंने युवाओं से स्थानीय किसानों, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर रहे लोगों से संवाद करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे राज्यों में भ्रमण के दौरान युवा उत्तराखंड की पहचान और संस्कृति के भी प्रतिनिधि बनें तथा चारधाम के साथ आदि कैलाश, जागेश्वर, कैंची धाम, शीतकालीन और साहसिक पर्यटन की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। इसके अलावा होमस्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के बारे में भी जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को दूसरे राज्यों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से हरियाणा की व्यवस्थाओं और प्रयोगों को समझने तथा यह विचार करने को कहा कि उनमें से कौन-सी पहल उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए उपयोगी हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान की भावना युवाओं को सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने की है। अंतरराज्यीय युवा भ्रमण को इसी सोच से जोड़ते हुए युवाओं के बीच संवाद, सीखने और अनुभव साझा करने की प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि उत्तराखंड के युवा दूसरे राज्यों की अच्छी पहल से सीख लेकर उसके उपयोगी अनुभव प्रदेश में साझा करें और पर्यटन, स्थानीय उत्पादों तथा संस्कृति के माध्यम से उत्तराखंड की पहचान को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाएं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
