देहरादून।उत्तराखंड में मई की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है और प्रदेश के कई हिस्सों में मॉनसून जैसे हालात बन गए हैं। भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। चमोली जिले में बिजली गिरने की एक दर्दनाक घटना में 500 से अधिक बकरियों की मौत हो गई, जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चमोली, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में लगातार बदलते मौसम के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई क्षेत्रों में सड़क मार्ग प्रभावित होने, फिसलन बढ़ने और अचानक मौसम परिवर्तन से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद चारधाम यात्रा फिलहाल सुचारु रूप से जारी है और प्रशासन यात्रा मार्गों पर विशेष निगरानी बनाए हुए है।पिथौरागढ़ में स्कूल बंद, सुबह से तेज बारिशपिथौरागढ़।जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन 4 मई को सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। सुबह से ही क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक का दौर जारी है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों द्वारा लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित नुकसान को समय रहते रोका जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
