सेकंड सैटरडे पर मसूरी जाम से बेहाल, चार किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार में घंटों फंसे लोग

मसूरी। सेकंड सैटरडे की छुट्टी के चलते शनिवार को पर्यटन नगरी मसूरी भारी यातायात जाम से जूझती नजर आई। सुबह करीब नौ बजे से शुरू हुआ जाम पूरे दिन शहर के विभिन्न हिस्सों में बना रहा, जिससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि किंगक्रेग से गांधी चौक होते हुए जीरो प्वाइंट तक करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया और वाहन घंटों तक रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे।माल रोड और आसपास के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात का दबाव लगातार बना रहा। लाइब्रेरी बैरियर से कार्निवल सिनेमा तक, मैसानिक बस स्टैंड से पिक्चर पैलेस, अपर मॉल रोड, घंटाघर और मल्लिंगार से चार दुकान तक लंबी वाहन कतारें देखने को मिलीं। कई स्थानों पर स्थिति इतनी खराब हो गई कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। लाइब्रेरी बाजार क्षेत्र में पर्यटकों और वाहनों की अत्यधिक भीड़ के कारण अफरा-तफरी जैसा माहौल बना रहा।शनिवार की छुट्टी होने के कारण देहरादून-मसूरी और मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर पर्यटकों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रहा। बड़ी संख्या में पर्यटक अपने वाहनों से मसूरी पहुंचे, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। संकरी सड़कों और सीमित पार्किंग व्यवस्था के चलते जाम की समस्या और गंभीर हो गई। कई वाहन चालक घंटों तक एक ही स्थान पर फंसे रहे।यातायात जाम का असर स्कूली बच्चों पर भी देखने को मिला। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे समय पर विद्यालय नहीं पहुंच सके, जबकि छुट्टी के बाद भी कई बच्चों को घर पहुंचने में दो से तीन घंटे तक का समय लग गया। अभिभावकों को भी बच्चों को लेने और छोड़ने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन और छुट्टियों के दौरान मसूरी में हर बार इसी तरह के हालात बन जाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अभी तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पार्किंग, शटल सेवा और ट्रैफिक कंट्रोल की बेहतर व्यवस्था की जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिल सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment