काशीपुर। नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से हुई दो चोरियों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्रतार कर उनके कब्जे से 62 सौ रूपये की नकदी, चोरी का सामान व घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया है। शिवनगर कॉलोनी निवासी ललित पुत्र रामशरण पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि बीती 4 मई 2025 की रात्रि अज्ञात चोर उसके खोखे का ताला तोड़कर चार हजार की नकदी समेत 15-20 सिगरेट की डिब्बी व आधार कार्ड चोरी कर ले गये हैं। वहीं दिपेश जैन पुत्र सज्जन कुमार जैन ने कुंडेश्वरी चौकी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी रामनगर रोड पर प्राइम हास्पिटल के पास विधाता मार्बल्स नाम से दुकान है। अज्ञात चोर 17 मई 2026 की रात्रि दुकान से ऊपर की छत तोड़कर काउंटर के दराज में रखे 6 हजार रूपये, आधार कार्ड व ड्राईविंग लाईसेन्स चोरी कर ले गये हैं। पुलिस ने दोनाें ही मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल व आसपास के विभिन्न सीसीटीवी कैमरा का अवलोकन किया गया तथा रात्रि चेकिंग के दौरान मानपुर तिराहे के सामने फील्ड के पास से पार्वती कॉलोनी गुरुद्वारा के पीछे निवासी सुमित पुत्र कल्लू व मोहल्ला कानूनगोयान निवासी प्रियांशु शर्मा उर्फ जानू पुत्र मनीष शर्मा को ई-रिक्शा के साथ गिरफ्रतार कर उनके कब्जे से 6200 रुपये की नगदी व 9 सिगरेट की डिब्बी, दो आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक पैन कार्ड बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस टीम में एसआई मीना रावत, कंचन पडलिया, एएसआई प्रकाश बोरा, का- जगदीश पपने, कां- गौरव सनवाल आदि रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
