देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे की जगह अब आनंद स्वरूप को नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं विनय शंकर पांडे को स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह बदलाव किया गया है। सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी में चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। इधर देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल को सचिव नियोजन का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है, जबकि नागरिक उड्डयन विभाग से आईएएस आशीष चौहान को नया जिलाधिकारी देहरादून बनाया गया है।सरकार ने बागेश्वर की जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा की जिम्मेदारी दी है। उनकी जगह शासन में अपर सचिव के पद पर कार्यरत अपूर्वा पांडे को बागेश्वर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।इसके अलावा सचिव पशुपालन डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को उच्च शिक्षा विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रंजीत कुमार सिन्हा से उच्च शिक्षा विभाग हटाकर उन्हें केवल तकनीकी शिक्षा विभाग सौंपा गया है। आईएएस सोनिका से आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है, जबकि अन्य विभाग यथावत रखे गए हैं।आईएएस मनुज गोयल से मिशन निदेशक एनएचएम का प्रभार हटाया गया है। हालांकि वे तकनीकी शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग में अपर सचिव के रूप में कार्य करते रहेंगे। आईएएस संजय कुमार को कौशल विकास विभाग के साथ निदेशक समाज कल्याण की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।आईएएस अभिषेक रुहेला को पर्यटन विभाग के साथ मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएमजीएसवाई का दायित्व सौंपा गया है। वहीं आईएएस सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन बनाया गया है। अपर सचिव आईटी आलोक कुमार पांडे को नगर आयुक्त नगर निगम नियुक्त किया गया है। नगर आयुक्त नमामि बंसल अब अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा के पद पर कार्य करेंगी।सरकार ने आईएएस संदीप तिवारी को मिशन निदेशक एनएचएम की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि दीप्ति सिंह से विद्यालयी शिक्षा विभाग हटाकर उन्हें अल्पसंख्यक कल्याण और खेल विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व दिए गए हैं। आईएएस प्रतीक जैन को एमडी जीएमवीएन से हटाकर आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है।इसके अलावा सरकार ने आठ पीसीएस अधिकारियों और दो सचिवालय सेवा अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। कई अधिकारियों को नए विभागों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
