खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा विकासखंड कार्यालय परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये की लागत से बने व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का उद्घाटन किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार होती है। उन्होंने कहा कि खटीमा में स्थापित की गई “दीदी की लाइब्रेरी” विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पुस्तकालय छात्र-छात्राओं को शांत और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। नई लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। यहां उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सामग्री से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और करियर निर्माण की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है और इसी क्रम में इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि होगी।मुख्यमंत्री धामी ने व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सहायक होगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए खेल और फिटनेस से जुड़ी सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुविधाओं के माध्यम से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और युवाओं को अपने सपनों को साकार करने और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, डॉ. प्रेम सिंह राणा, रविंद्र राणा, कमल जिंदल, डॉ. विनीता सक्सेना, रंदीप पोखरिया, गुड्डू टम्टा, भास्कर सम्मल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
